बिजेंद्र पुंडीर
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी के दिल की धड़कन घंटाघर आठ साल बाद नगर पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिह मल्ल ने जनता को समर्पित कर दिया। पहले से भव्य बनाये गये इस घंटाघर से जनता में खुशी की लहर दौड़ गई। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मल्ल ने कहा कि उन्होंने जनता से किया वादा अपने कार्यकाल में पूरा कर दिया।
घंटाघर का लोकार्पण बतौर मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि लंढौर का घंटाघर ऐतिहासिक था लेकिन गत बोर्ड ने उसे तोड़ दिया था। गत चुनावों में उन्होंने जनता से वादा किया था कि वह चुनाव जीतने के बाद लंढौर के घंटाघर का निर्माण जरूर करवायेंगे। जिस पर जनता ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया और आज जनता की मांग मसूरी की शान घंटाघर को जनता को समर्पित किया जा रहा है। इसी के साथ ही लंढौर बाजार जो अपनी पहचान खो चुका है उसे वापस लाने का काम किया गयां। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उन्होंने मसूरी की समस्याओं के समाधान के साथ अनेक विकास कार्य किए, जो वादे किए गये उनको पूरा किया गया व इसी कड़ी में यह घंटाघर भी शामिल है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रांगण में बहुप्रतीक्षित प्रेक्षागृग का निर्माण अंतिम चरण में है इसके निर्माण के बाद मसूरी में किसी भी सांस्कृतिक गतिविधि के लिए इधर उधर नहीं भटकना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितो को ध्यान में रखते हुए मसूरी पालिका ने सबसे पहले सातवां वेतनमान देने का निर्णय लिया। इस मौके पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, रमेश भंडारी, रजत अग्रवाल, सतीश ढौडियाल, रवीद्र गोयल सहित अनेक वक्ताओं ने अपने संबोधन में लंढौर की जनता को घंटाघर बनने की बधाई दी व पालिकाध्यक्ष व सभासदों सहित अधिकारियों को आभार व्यक्त किया। संचालन नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरके सिंह ने किया। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी एमएल शाह, अभियंता एसएस बिष्ट, सभासद बीना पंवार, शशि रावत, विरेंद्र पंवार, जसबीर कौर, विनोद सेमवाल, मोहन पेटवाल, धर्मपाल पंवार, छावनी उपाध्यक्ष महेश चंद, रवि गोयल, बीना मल्ल, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।