बिजेंद्र पुंडीर
मसूरी। मसूरी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित 24वां टेलेंट फिएस्टा मेधा का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के सभी तीनों सदनों की छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी कला एवं प्रतिभा के प्रदर्शन से दर्शकों का मनमोहा।
विद्यालय के सभागार में आयोजित टेलेंट फिएस्टा मेधा में भारत की सभ्यता एवं संस्कृति के साथ पाश्चात्य संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया जिसके बाद वाद्ययंत्रों का सामूहिक वादन किया गया जिसमें ड्रम, कोंगो, साजन, सितार, तबला, बोंगो, वायलिन, जयदीप बेला, सारंगी, बैंजो, हारमोनियम, सिन्थेसाइजर व जाइलोफोन के एक साथ बजाये जाने से जो ध्वनि उठी उसने श्रोताओं को आनंदित कर दिया। इस कार्यक्रम में राग दुर्गा, राग शंकरा व राग भोपाली पर क्रमशः गायत्री, लक्ष्मी व संतोषी सदन की छात्राओं ने वाद्ययंत्रों का वादन कर अपनी प्रतिभा का कुशल प्रदर्शन किया। वहीं इसके बाद देश भक्ति की भावनाओं पर बने गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। जिसमें छात्राओं ने रानी लक्ष्मी बाई, ऐसा देश हे मेरा, बुरी नजर न हम पर डालो गीत पर नृत्य किया। वहीं नृत्य प्रतिस्पर्धा में मोहिनी अटटम, ओडिसी, एवं कत्थक पर तीनों सदनों की छात्र कलाकारों ने नृत्य किया। उसके अतिरिक्त मराठी, गुजराती, तथा हरियाणवी लोक नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया व भांगड़ा पर सभी के पैर थिरकने लगे। टेलेंट फिएस्टा में कैनवास पर पेंटिंग, पाक कला, मूर्ति सज्जा और रंगोली आदि प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अतिेथि मौजूद रहे।